रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम पलौद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के मुताबिक तोषक भारती का गांव के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तोषक की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद ग्रामीणों में फूटा गुस्सा
घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी में भी आग लगा दी गई। इलाके में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को शांत कराया।
कुछ युवक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।