बिहार और तेलंगाना के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन की परिचालन अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। पहले यह ट्रेन 17 जुलाई तक संचालित की जानी थी, लेकिन अब इसे 31 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। साथ ही ट्रेन के चार-चार अतिरिक्त फेरे भी जोड़े गए हैं।
31 जुलाई तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, परिचालन अवधि बढ़ने के बाद गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल 20 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को पटना से रवाना होगी।
वहीं गाड़ी संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 22 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चर्लपल्ली से चलेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 24 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी।
बिलासपुर जोन के प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में निर्धारित ठहराव के साथ संचालित होगी, जिससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
कोच संरचना में नहीं किया गया कोई बदलाव
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन की कोच संरचना में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह यह स्पेशल ट्रेन 1 पावरकार, 1 एसएलआरडी, 2 जनरल, 4 स्लीपर, 7 एसी-3 टियर और 7 एसी-3 इकॉनमी कोच के साथ संचालित होगी।
ट्रेन की नई समय-सारणी एक नजर में
गाड़ी संख्या 03253 (पटना-चर्लपल्ली स्पेशल)
संचालन अवधि: 20 से 29 जुलाई 2026
दिन: प्रत्येक सोमवार और बुधवार
गाड़ी संख्या 03254 (चर्लपल्ली-पटना स्पेशल)
संचालन अवधि: 22 से 29 जुलाई 2026
दिन: प्रत्येक बुधवार
गाड़ी संख्या 03255 (चर्लपल्ली-पटना स्पेशल)
संचालन अवधि: 24 से 31 जुलाई 2026
दिन: प्रत्येक शुक्रवार