रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जून महीने में छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। करीब ढाई साल बाद राहुल गांधी राज्य के दौरे पर आएंगे। इससे पहले उन्होंने सितंबर 2023 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 21 जून से 30 जून तक रायपुर के चंपारण में आयोजित किए जाने की तैयारी है। इस शिविर में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा के जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम का प्रस्ताव राहुल गांधी के कार्यालय को भेज दिया है और अब मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।
41 नए जिलाध्यक्षों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
कांग्रेस के हाल ही में नियुक्त किए गए 41 जिला कांग्रेस अध्यक्षों को इस शिविर में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता संगठन संचालन, बूथ मैनेजमेंट, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे। सूत्रों के मुताबिक शिविर में मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की भी संभावना है। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने के बड़े अभियान के तौर पर देख रही है।
संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है पूरा कार्यक्रम
कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर पार्टी के “संगठन सृजन अभियान” का हिस्सा बताया जा रहा है। इस अभियान के तहत पार्टी जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन को फिर से सक्रिय करने पर फोकस कर रही है। कांग्रेस का दावा है कि यह मॉडल गुजरात संगठनात्मक ढांचे की तर्ज पर तैयार किया गया है, जिसमें जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी और जवाबदेही दोनों दी जाएंगी।
बूथ स्तर तक समितियां बनाने की तैयारी
कांग्रेस की रणनीति के मुताबिक अगले कुछ महीनों में संगठन का विस्तार तेजी से किया जाएगा। पार्टी ने लक्ष्य तय किया है कि 15 दिन में जिला समितियां, 30 दिन में ब्लॉक समितियां और 60 दिन के भीतर मंडल और बूथ समितियों का गठन पूरा किया जाए।इसके साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कई राज्यों में चल रहा कांग्रेस का संगठनात्मक अभियान
कांग्रेस इस अभियान को सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रख रही है। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, गोवा, नागालैंड और मणिपुर समेत कई राज्यों में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 10 फरवरी 2026 को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था, जिसमें कई राज्यों के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शामिल हुए थे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
करीब ढाई साल बाद राहुल गांधी के संभावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस दौरे से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत होगा।कांग्रेस इसे बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जमीनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।