रायगढ़- लगातार हो रही बारिश के चलते छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हालात बिगड़ गए हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए केलो डेम के 4 गेट खोल दिए गए हैं। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
केलो डेम के 4 गेट खोले गए
रायगढ़ में लगातार बारिश के कारण केलो डेम का जलस्तर बढ़कर 230.85 मीटर पहुंच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने डेम के चार गेट खोल दिए। इसके बाद निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
घरों और सड़कों में भरा पानी
भारी बारिश से पैठू डबरी, चंद्रनगर की नामदेव गली और वार्ड-18 समेत कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि सड़कें भी जलमग्न हो गईं।
रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि रायपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 110 मिमी बारिश प्रतापपुर में रिकॉर्ड की गई।
अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
अब भी सामान्य से 24% कम बारिश
लगातार बारिश के बावजूद इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में अब तक 307.2 मिमी (12 इंच) वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य से 24% कम है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ सुधार हो सकता है।