राजधानी रायपुर और नवा रायपुर के बीच मंदिर हसौद इलाके में मंगलवार रात चाकू की नोक पर हुई 10 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में कंपनी का कर्मचारी ही लूट का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट की 9 लाख 70 हजार रुपये की नगदी, घटना में प्रयुक्त वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण, कंपनी के सभी कर्मचारियों के रिकॉर्ड का परीक्षण और हजारों सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। जांच के दौरान कंपनी में कार्यरत कर्मचारी दिनेश राव की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया।
कड़ाई से पूछताछ में कबूला पूरा अपराध
पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर दिनेश राव से कड़ाई से पूछताछ की गई। आखिरकार उसने लूट की पूरी वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने पहले से ही पूरी योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया था।
कंपनी की नकदी की जानकारी का उठाया फायदा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2022 से कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत था। उसे कंपनी की नगदी राशि के लाने-ले जाने की पूरी जानकारी रहती थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने लूट की साजिश रची।
एक महीने पहले बनाई थी लूट की योजना
आरोपी ने पुलिस को बताया कि कंपनी संचालक पर बैंक का लगभग 20 लाख रुपये का कर्ज था। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उसने करीब एक माह पहले कंपनी की नकदी लूटने की योजना बनाई। इस योजना में उसने अपने भाई और उसके एक साथी को भी शामिल कर लिया।
9.70 लाख रुपये, वाहन और मोबाइल बरामद
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से लूट की 9 लाख 70 हजार रुपये की नगदी, घटना में प्रयुक्त वाहन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।