रायपुर: राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की चाकू से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान डोमार साहू (48) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा डोमेश साहू (22) है। वारदात के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर की शाम की है। घर में डोमार साहू का अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान बेटे डोमेश साहू को लेकर भी आपत्तिजनक आरोप लगाए गए, जिससे वह आक्रोशित हो गया। गुस्से में आकर उसने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता के गले पर कई वार कर दिए। बताया जा रहा है कि हमले से बचने के दौरान डोमार साहू के दाहिने हाथ की कलाई के पास भी चोट आई। इसके बाद आरोपी ने गले पर लगातार वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी।
हत्या के बाद सबूत छिपाने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने अपने पहने हुए कपड़े गांव के बड़े नहर-नाले में फेंक दिए और फिर घर लौट आया। इसके बाद उसने परिजनों और आसपास के लोगों को बताया कि उसके पिता ने आत्महत्या कर ली है।
हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच और पूछताछ की तो घटना से जुड़े तथ्य सामने आए। जांच के बाद मामला हत्या का निकला।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या के आरोप में डोमेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। ग्राम केंद्री में हुई इस घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है।