राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से एसीपी सिविल लाइन एवं थाना तेलीबांधा पुलिस ने थाना क्षेत्र के पब, ढाबा, होटल और बार संचालकों की बैठक आयोजित की। बैठक में सभी संचालकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
निर्धारित समय पर प्रतिष्ठान बंद करने के निर्देश
बैठक में संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि सभी पब, होटल, ढाबा और बार निर्धारित समय सीमा के भीतर ही बंद किए जाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक
पुलिस अधिकारियों ने सभी संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी नाबालिग को क्लब, पब या बार में प्रवेश न दिया जाए। यदि किसी प्रतिष्ठान में नाबालिग पाए जाते हैं तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिष्ठान के बाहर नशा करने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में यह भी कहा गया कि होटल, बार और पब के सामने खड़े वाहनों में यदि कोई व्यक्ति नशा करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संचालकों को ऐसे मामलों में पुलिस का सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग और यातायात नियमों के पालन पर जोर
पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिया कि प्रतिष्ठानों के बाहर वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, ताकि सड़क पर जाम और यातायात बाधित न हो। साथ ही सभी को यातायात नियमों और लाइसेंस संबंधी शर्तों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।