केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर देशभर के एयरपोर्ट्स में 15 जून को यात्री सुविधा दिवस मनाया जाएगा। इसी कड़ी में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर यात्रियों को एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं, पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और आने वाली योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
रोजाना 9 हजार यात्री कर रहे सफर
वर्तमान में रायपुर एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 9 हजार यात्री सफर कर रहे हैं, जबकि रोजाना करीब 60 उड़ानों का संचालन हो रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
एयरपोर्ट में हुए कई बड़े विकास कार्य
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए हैं। विमान पार्किंग के लिए अतिरिक्त पार्किंग बे विकसित किए गए हैं। साथ ही रनवे का विस्तार किया गया है और विमानों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए अत्याधुनिक एयरफील्ड लाइटिंग सिस्टम स्थापित किया गया है।
नई एलईडी लाइट्स से बढ़ी सुरक्षा
पूरे एयरपोर्ट परिसर में नई एलईडी लाइट्स लगाई गई हैं, जिससे सुरक्षा और दृश्यता दोनों बेहतर हुई हैं। प्रशासन का कहना है कि इससे रात के समय संचालन में भी काफी सुविधा मिल रही है।
लोक संस्कृति की भी दिखेगी झलक
यात्री सुविधा दिवस के दौरान रायपुर एयरपोर्ट में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। यात्रियों के स्वागत के लिए लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे और विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को यादगार अनुभव मिल सके।
यात्रियों के लिए लगेगा नेत्र परीक्षण शिविर
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली बच्चों को एयरपोर्ट भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें विमानन क्षेत्र और एयरपोर्ट संचालन की जानकारी दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय कार्गो सेवा की तैयारी तेज
एयरपोर्ट प्रशासन भविष्य की योजनाओं पर भी तेजी से काम कर रहा है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय कार्गो सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे प्रदेश में व्यापार और लॉजिस्टिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
चौथे एयरोब्रिज से यात्रियों को मिलेगी राहत
वर्तमान में एयरपोर्ट पर तीन एयरोब्रिज संचालित हैं और चौथे एयरोब्रिज की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। नया एयरोब्रिज शुरू होने के बाद यात्रियों को विशेष रूप से बारिश के मौसम में विमान तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी।