राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन फेस-1 कॉलोनी में करीब 70 लाख रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी की वारदात उस समय हुई, जब मकान मालिक पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ निजी काम से नया रायपुर गए हुए थे। पुलिस ने मामले में घर में काम करने वाले रसोइए और उसके साथी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
घर में अकेला था रसोइया
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 2 बजे पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। उस दौरान घर में केवल रसोइया महेंद्र यादव मौजूद था। शाम करीब 7 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजा बंद मिला और घर के अंदर अंधेरा था। संदेह होने पर परिवार के सदस्य पीछे की ओर पहुंचे, जहां पिछला गेट खुला हुआ मिला।
अलमारी से 51.50 लाख की नकदी गायब
घर की जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी 51 लाख 50 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके अलावा लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए गए थे। चोरी किए गए नकदी और जेवरात की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
12 दिन पहले ही रखा गया था रसोइया
मामले में पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी महेंद्र यादव को महज 12 दिन पहले ही घर में काम पर रखा गया था। आरोप है कि उसने अपने साथी पिंटू यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी ट्रेन से रायपुर से फरार हो गए थे।
पुलिस ने नागपुर से दोनों आरोपियों को दबोचा
पीड़ित पंकज अग्रवाल की शिकायत पर पंडरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस करते हुए नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की रकम और सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।