राजधानी रायपुर में 4 साल के बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शादीशुदा महिला के बॉयफ्रेंड ने ही उसके मासूम बेटे की हत्या कर दी थी। आरोपी ने बच्चे को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए तकिए से गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के करीब 7 महीने बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
1 नवंबर 2025 को मिली थी संदिग्ध मौत की सूचना
जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर 2025 को 4 साल के मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। बच्चे को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ हत्या का खुलासा
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में बड़ा खुलासा हुआ। डॉक्टरों ने रिपोर्ट में पुष्टि की कि बच्चे की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद आमानाका थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
मां के सामने ही आरोपी ने दबाया गला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर जयदीप सिंह महिला के साथ संबंध में था। महिला अपने पति से अलग रह रही थी। घटना के दिन बच्चे की किसी बात से नाराज होकर आरोपी ने मां के सामने ही तकिए से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कई राज्यों में छिपता फिर रहा था आरोपी
हत्या के बाद आरोपी लगातार ट्रक लेकर अलग-अलग राज्यों में घूमता रहा, ताकि पुलिस से बच सके। आमानाका थाना पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।