पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रविवार रात से सोमवार सुबह तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी, लाभांडी और सूरज नगर में संचालित किया गया, जहां पुलिस ने व्यापक सत्यापन और निरीक्षण किया।
100 पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
अभियान में थाना तेलीबांधा और पुलिस लाइन से करीब 100 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के 200 से अधिक मकानों और आवासीय परिसरों का सत्यापन और निरीक्षण किया।
संदिग्ध व्यक्तियों और किरायेदारों की हुई जांच
इस विशेष अभियान का उद्देश्य बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना, किरायेदारों का सत्यापन करना, असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा। पुलिस ने घर-घर पहुंचकर लोगों से आवश्यक जानकारी भी जुटाई।
नागरिकों से पुलिस की अपील
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
आगे भी जारी रहेंगे विशेष अभियान
पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है। अपराध नियंत्रण और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमिश्नरेट रायपुर भविष्य में भी इस तरह के विशेष चेकिंग और सत्यापन अभियान लगातार चलाता रहेगा।