राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 9 बजे सफाई कर्मचारियों ने बैंक भवन से धुआं निकलते देखा। इसके बाद तत्काल आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से रेस्क्यू और राहत कार्य शुरू किया।
प्रथम तल तक फैली आग, परिसर में भरा धुआं
आग मुख्य रूप से भवन के प्रथम तल तक फैल गई थी, जिसके चलते पूरे परिसर में धुआं भर गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर प्रथम तल में प्रवेश किया और खिड़कियों के कांच तोड़कर धुएं को बाहर निकाला।
ब्लोअर मशीन से निकाला गया धुआं
दमकल कर्मियों ने ब्लोअर मशीन की मदद से भवन के अंदर भरे धुएं को बाहर निकालने का काम किया। सुरक्षा की दृष्टि से बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया, ताकि किसी भी तरह की जनहानि न हो।
आग पर पाया गया काबू, जांच जारी
कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।