रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खाद और बीज की कथित कमी को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। नेताओं का कहना है कि खरीफ सीजन की शुरुआत में ही किसान जरूरी संसाधनों के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार समस्या के समाधान में विफल साबित हो रही है।
कलेक्ट्रेट घेराव और ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले। इस दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर तैनात रही। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और किसानों को जल्द खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमा-झटकी भी देखने को मिली। हालांकि स्थिति को पुलिस और प्रशासन ने संभाल लिया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।