राजधानी रायपुर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर जोन क्रमांक 10 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डुमरतराई स्थित लक्ष्मीकांत डोमिनोज पिज्जा दुकान का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई दुकान की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मिली जनशिकायत की वास्तविकता की जांच करने के लिए की गई।
निरीक्षण में मिली गंदगी, खाने की सामग्री पर मंडराती मिलीं मक्खियां
जोन 10 स्वास्थ्य विभाग की टीम के औचक निरीक्षण के दौरान दुकान परिसर में गंदगी पाई गई। इसके अलावा खाने की सामग्री के आसपास मक्खियां भिनभिनाती मिलीं। निरीक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन की भी बात सामने आई।
जनशिकायत सही मिलने पर नगर निगम ने की कार्रवाई
निरीक्षण में जनशिकायत सही पाए जाने के बाद जोन 10 जोन कमिश्नर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने संचालक को भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की कड़ी चेतावनी दी।
10 हजार रुपये का ई-जुर्माना
जोन 10 जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने स्वच्छता निरीक्षकों और स्वच्छता दीदियों की मौजूदगी में दुकान संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जनशिकायत का जोन स्तर पर त्वरित निराकरण किया गया है।
स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील
नगर निगम ने शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों और दुकानदारों से स्वच्छता नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सामग्री की स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।