रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र के ग्राम बेन्द्री स्थित मेसर्स 3-डी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सुरक्षा कारणों से फैक्ट्री में उत्पादन से जुड़ी सभी गतिविधियों को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है। वहीं विभाग की मध्यस्थता के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा देने पर सहमति जताई है।
ऑक्सीजन सिलेंडर विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौत
यह हादसा फैक्ट्री के फेरो एलॉयज डिवीजन में लांसिंग कार्य के दौरान हुआ, जहां अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
फैक्ट्री की सभी गतिविधियों पर तत्काल रोक
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य, फोटोग्राफ और वीडियोग्राफी के माध्यम से जरूरी जानकारी एकत्र की।
प्रारंभिक जांच के बाद श्रमिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता-2020 के प्रावधानों के तहत फैक्ट्री की सभी विनिर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
काम बंद रहने पर भी मिलेगा वेतन
विभाग ने फैक्ट्री प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि उत्पादन बंद रहने की अवधि में भी सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और अन्य देय भत्तों का भुगतान समय पर किया जाए।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।