रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल स्वयं विभागीय टीम के साथ मैदानी निरीक्षण पर निकले। इस दौरान तेलीबांधा क्षेत्र की मिठाई दुकानों और पचपेड़ी नाका स्थित एक ढाबे का निरीक्षण किया गया। जांच में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की।
चार प्रतिष्ठानों में मिली स्वच्छता संबंधी खामियां
विभागीय टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता संबंधी नियमों के पालन में लापरवाही सामने आने के बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट
निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने करीब 150 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और 10 किलोग्राम पनीर को नष्ट करवाया। इसके साथ ही चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। विभाग ने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश भी दिए हैं।
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
कार्रवाई के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं: दीपक अग्रवाल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य कारोबारियों के लिए निर्धारित स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई के दौरान नियंत्रक दीपक अग्रवाल के साथ उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव और डोमेन्द्र ध्रुव मौजूद रहे।
आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।