राजधानी रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुढ़ियारी, पंडरी और उरला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गांजा का परिवहन और बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
उत्तर प्रदेश और रायपुर के आरोपी गिरफ्त में
गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में दो आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी आकाश रायकवाड और धीरज रायकवाड हैं। वहीं दो अन्य आरोपी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले संतराम निषाद और कमलेश पटेल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गुढ़ियारी में दबिश देकर पकड़े गए तस्कर
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कबीर चौक स्थित ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बाजार के पास मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। इस दौरान अंतर्राज्यीय तस्कर आकाश रायकवाड और धीरज रायकवाड को गांजा का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया।
करीब पांच लाख रुपये का गांजा जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 866 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 93 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।