राजधानी रायपुर की गुढ़ियारी पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
दोपहिया वाहन चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
बाइक बेचने की फिराक में दबोचा गया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम उज्ज्वल पटेल उर्फ टार्ज़न बताया और बरामद मोटरसाइकिल के चोरी का होना स्वीकार किया।
तीन और बाइक चोरी की वारदात कबूली
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने गुढ़ियारी क्षेत्र से तीन अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
1.60 लाख की चोरी की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की चार चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उज्ज्वल पटेल उर्फ टार्ज़न (40 वर्ष), पिता झुड़क लाल पटेल, निवासी जनता कॉलोनी, कबीर नगर, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर के रूप में हुई है।