राजधानी रायपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मामले में एक कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी हो चुकी है।
PTI शिक्षक ने बेचा था प्रश्नपत्र
पुलिस जांच में सामने आया है कि बेमेतरा जिले के एक स्कूल में पदस्थ PTI शिक्षक ने हाथ से लिखकर तैयार किया गया हिंदी प्रश्नपत्र 3 हजार रुपए में कांग्रेस नेता को बेचा था। इसके बाद प्रश्नपत्र वायरल हुआ।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जवाहर लाल और विकास सेन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
जांच के घेरे में आए केंद्र प्रभारी और एग्जाम कंट्रोलर
मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब बेमेतरा के केंद्र प्रभारी और एग्जाम कंट्रोलर भी जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
17 मार्च को दर्ज हुआ था मामला
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने 17 मार्च को 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
फरार आरोपी पर घोषित था इनाम
पेपर लीक मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।