राजधानी रायपुर में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 54 वर्षीय व्यक्ति ने दो महिलाओं पर दोस्ती का फायदा उठाकर नशीला पदार्थ पिलाने, आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने और ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की वसूली करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घर बुलाकर पिलाई नशीली शराब
बीरगांव गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार (54) ने गुढ़ियारी थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उसकी पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से थी। शिकायत के अनुसार 6 जनवरी को महिला ने उसे अपने घर बुलाया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने उसे शराब पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया था।
बेहोशी के बाद खींची गईं आपत्तिजनक तस्वीरें
पीड़ित का आरोप है कि शराब पीने के कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। इसके बाद वह किसी तरह वहां से अपने घर पहुंचा। पीड़ित के मुताबिक, बेहोशी की हालत में उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली गई थीं।
छह महीने तक ब्लैकमेल कर वसूले 2.17 लाख रुपए
शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने आपत्तिजनक तस्वीरों को सोशल मीडिया और परिवार के सदस्यों को भेजने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया। इस दौरान करीब छह महीने में उससे कुल 2 लाख 17 हजार रुपये वसूल लिए गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़ित की शिकायत पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस ब्लैकमेलिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।