रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 46.100 किलोग्राम गांजा के साथ 2 महिलाओं समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ANTF) और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, 2 मोबाइल फोन और एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है।
संयुक्त मॉनिटरिंग में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप कुमार पटेल की संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ANTF और टिकरापारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
कमल विहार में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा
पुलिस को सूचना मिली थी कि कमल विहार क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गांजा की सप्लाई होने वाली है। इसके बाद कमल विहार रोड स्थित शिव मंदिर के सामने नीलगिरी प्लांटेशन के पास घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद एक महिला सहित तीन संदिग्ध व्यक्ति सुजुकी एक्सेस वाहन के साथ दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी में मिला 46.100 किलो गांजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन के रूप में हुई। पुलिस ने उनके वाहन की तलाशी ली, जिसमें तीन बोरियों और एक बैग में कुल 46.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
ओडिशा तक पहुंची जांच, सप्लायर भी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाया गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई करते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओडिशा निवासी दो कथित सप्लायर बनमाली तांडी और अनु तांडी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने पूछताछ में रायपुर में गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की।
सप्लाई चेन ध्वस्त, End-to-End कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में केवल खरीदारों को ही नहीं बल्कि गांजा सप्लाई करने वाले स्रोत तक पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया गया है। पुलिस ने इसे एंड-टू-एंड (End-to-End) कार्रवाई बताया है।
पहले भी NDPS मामलों में जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कमलेश सोनवानी के खिलाफ रायपुर और महासमुंद जिलों में एनडीपीएस एक्ट के करीब चार मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं राजा टंडन के खिलाफ ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, जिसमें वह पहले जेल जा चुका है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 619/26 के तहत धारा 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
कमलेश सोनवानी (36), निवासी आदर्श नगर, मोवा, रायपुर।
राजा टंडन (36), निवासी झंडा चौक, पंडरी, रायपुर।
नीतू टंडन (34), निवासी झंडा चौक, पंडरी, रायपुर।
बनमाली तांडी (23), निवासी मोहनगिरि सिनपुर, जिला कालाहांडी, ओडिशा।
अनु तांडी (27), निवासी मोहनगिरि सिनपुर, जिला कालाहांडी, ओडिशा।