राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पंडरी थाना क्षेत्र के जब्बार नाला में मछली पकड़ने गए एक अधेड़ की तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जाल में फंसा पैर, नाले में गिरा अधेड़
जानकारी के मुताबिक, एकता चौक दलदल सिवनी निवासी अधेड़ जब्बार नाला में जाल डालकर मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर जाल में फंस गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में जा गिरा। लगातार बारिश के कारण नाले का बहाव तेज था, जिसके चलते वह पानी में बह गया।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे तक नाले में तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद अधेड़ का शव नाले के किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। SDRF की टीम ने शव को बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश और नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि उफनते नालों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें। बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।