रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पटाखा बम फेंककर दहशत फैलाने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना 24 मई की देर रात हीरापुर वीर सावरकर नगर की है, जहां रिंकु तिवारी के घर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पटाखा बम फेंका।
चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर हंगामा करते हुए धारदार चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। शिकायत मिलने पर कबीर नगर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़े आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू पटेल, आकाश पासवान, सूरज सिंह और शेख कलीम शामिल हैं।
अपचारी बालक और बालिका भी अभिरक्षा में
पुलिस कार्रवाई के दौरान एक अपचारी बालक और एक अपचारी बालिका को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
बोरियाकला में चोरी की वारदात भी कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना माना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित एक खिलौना दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना भी स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू जब्त किया है।
बालिग आरोपी जेल भेजे जाएंगे
फिलहाल पुलिस चारों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। वहीं अपचारी बालक और बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।