राजधानी रायपुर के खमतराई थाना पुलिस ने फरसा और चाकू की नोक पर हुई दो लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, नगदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार फरसा बरामद किया है।
देर रात अंडरब्रिज को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात डीआरएम ऑफिस के पास स्थित अंडरब्रिज में राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। हाल ही में इसी तरीके से दो अलग-अलग वारदातें हुई थीं, जिसके बाद खमतराई थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दोनों लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया फरसा बरामद किया गया।
लूट का सामान खरीदने वाले पर भी कार्रवाई
पुलिस ने लूट का सामान खरीदने वाले आरोपी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।