राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त ऑटोमोबाइल बाजार क्षेत्र में मंगलवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मौदहापारा थाना के सामने केके रोड पर स्थित जया ऑटोमोबाइल नामक टायर दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकान से उठीं धुएं और आग की लपटें
जानकारी के मुताबिक एमजी रोड स्थित सिंधी मार्केट के पास मौजूद कार एसेसरीज और टायर दुकान से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और दुकान के भीतर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को खाली कराकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। वहीं सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
टायर और ज्वलनशील सामग्री से तेजी से फैली आग
दुकान में बड़ी संख्या में टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
लाखों का नुकसान, जनहानि नहीं
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।