रायपुर। राजधानी रायपुर में एक वकील को अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने और 50 हजार रुपये की मांग करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वकील को मानसिक रूप से परेशान किया।
मिस्ड कॉल के बाद शुरू हुआ ब्लैकमेल
जानकारी के मुताबिक पीड़ित वकील को 20 मई की शाम एक अनजान नंबर से मिस्ड कॉल आया। जब उन्होंने वापस कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने वीडियो भेजने की बात कही। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से उनके मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजा गया, जिसे देखकर वह हैरान रह गए।
सोशल मीडिया पर वायरल करने की दी धमकी
वीडियो भेजने के बाद आरोपियों ने वकील से 50 हजार रुपये की मांग की। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो वीडियो को सोशल मीडिया और इंटरनेट पर वायरल कर दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर वकील ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्काल शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एक नाबालिग समेत छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तामेश्वर सोनवानी, राजकुमार कुर्रे, कोमल यादव, छोटू टंडन और सैयद सैफ अली शामिल हैं।
गिरोह के अन्य मामलों की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गिरोह ने इससे पहले कितने लोगों को इसी तरह ब्लैकमेल का शिकार बनाया है। मामले में साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है।