राजधानी रायपुर में युवाओं और विभिन्न छात्र संगठनों ने NEET पेपर लीक मामले और सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में अंबेडकर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा तख्तियां व पोस्टर लेकर पहुंचे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
बारिश के बावजूद नहीं टूटा युवाओं का हौसला
रविवार को हुई बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। सोमवार को भी बड़ी संख्या में युवा अंबेडकर चौक पहुंचे और जोरदार नारेबाजी कर अपनी मांगों को दोहराया।
पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने आरोप लगाया कि देश में बार-बार होने वाले पेपर लीक मामलों से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है। उन्होंने NEET सहित सभी भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सोनम वांगचुक के समर्थन में भी उठी आवाज
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में भी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उठ रही आवाजों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।