रायपुर पुलिस ने जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर नशीला पदार्थ खिलाने और लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभिनव सिंह और उसके साथी हितिन नरूला को दिल्ली और हरिद्वार से पकड़ा गया है।
जन्मदिन पार्टी के बहाने घर पहुंचा आरोपी
आरोपियों ने राजधानी रायपुर के खम्हारडीह क्षेत्र की एक महिला को अपना शिकार बनाया था। पीड़िता की पहचान जीवनसाथी डॉट कॉम के माध्यम से अभिनव सिंह से हुई थी। आरोपी ने महिला का विश्वास जीतकर जन्मदिन पार्टी के बहाने उसके घर पहुंचने की योजना बनाई।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया वारदात को अंजाम
महिला के घर पहुंचने के बाद आरोपी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया। महिला के बेहोश होते ही आरोपी घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने खम्हारडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए खम्हारडीह थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और साइबर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उत्तराखंड और दिल्ली में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य राज्यों में भी वारदात की आशंका
पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग राज्यों में इसी तरह महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देते थे। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस उनके अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।