राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 राज्यों में दबिश दी। लगातार 72 घंटे तक चली रेड कार्रवाई में पुलिस ने 26 सटोरियों और खाईवालों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
करोड़ों के ट्रांजेक्शन और दुबई कनेक्शन सामने आया
पुलिस जांच में आरोपियों के खातों से करोड़ों रुपए के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है। गिरफ्तारी के बाद दुबई तक फैले खाईवाल नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहे थे।
कई राज्यों में दी गई दबिश
पुलिस टीम ने वेस्ट बंगाल, हरयाणा, महाराष्ट्र, गोवा समेत छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई क्राइम ब्रांच और विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने संयुक्त रूप से की।
लोटस 365 और अन्य ऐप के जरिए चलता था सट्टा
पुलिस के अनुसार आरोपी Lotus 365, Lion4.com समेत कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और ऐप के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने 14 ऑनलाइन सट्टा ग्रुप से जुड़े 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
लाखों की नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 18 लाख रुपए नगद, 74 एटीएम कार्ड, 70 से अधिक पासबुक, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कुल करीब 50 लाख रुपए का सामान बरामद किया है।
कमिश्नरेट बनने के बाद 100 से ज्यादा सटोरिए गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर कमिश्नरेट लागू होने के बाद से अब तक 100 से अधिक ऑनलाइन सटोरियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।