राजधानी रायपुर में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कबाड़ियों और यार्ड संचालकों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस ने खमतराई, गुढ़ियारी और उरला क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर कार्रवाई की।
6 कबाड़ियों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन और संदिग्ध सामान मिलने पर 6 कबाड़ियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान करीब 38 हजार रुपए कीमत का कबाड़ और अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने जब्त सामान की जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
यह विशेष अभियान पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देशन में संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और एसीपी पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने कबाड़ी दुकानों और यार्डों की जांच की।
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने और चोरी के सामान की बिक्री पर नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कबाड़ी कारोबारियों को वैध दस्तावेज रखने और संदिग्ध सामान की जानकारी तत्काल देने के निर्देश भी दिए हैं।