रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों, एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों तथा शासन और केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई।
जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में प्रक्रिया
मादक पदार्थों के नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) पूर्णिमा लामा, उपायुक्त आबकारी रायपुर डॉ. प्रवीण वर्मा तथा संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे। यह कार्रवाई सिलतरा स्थित जायसवाल NECO प्लांट में की गई।
43 मामलों की जब्त सामग्री को किया गया नष्ट
नॉर्थ जोन क्षेत्र के कुल 43 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 160.722 किलोग्राम गांजा, 100 ग्राम डोडा चूरा, 236 ग्राम अफीम, 2,734 प्रतिबंधित टैबलेट तथा 503 प्रतिबंधित कफ सिरप का विधिवत नष्टीकरण किया गया। सभी मादक पदार्थों को पर्यावरणीय मानकों और वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए जायसवाल NECO प्लांट, सिलतरा के फर्नेस में नष्ट किया गया।
अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में बड़ा कदम
रायपुर पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध एवं विधिसम्मत नष्टीकरण न केवल इनके दोबारा अवैध उपयोग की संभावना को समाप्त करता है, बल्कि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होता है।