रायपुर। रायपुर में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। खासकर रायपुर पश्चिम क्षेत्र में बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
रायपुर में हालात ज्यादा खराब
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन और रात दोनों समय बार-बार बिजली कटने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी और उमस के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं।
विकास उपाध्याय ने कलेक्टर से की मुलाकात
बिजली संकट के मुद्दे को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने एक डेलिगेशन के साथ कलेक्टर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गर्मी के मौसम में लगातार हो रही बिजली कटौती को गंभीर समस्या बताते हुए जल्द समाधान की मांग की। पूर्व विधायक ने प्रशासन से बिजली व्यवस्था में सुधार करने और रायपुर पश्चिम सहित प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को राहत देने के लिए बिजली विभाग को तत्काल प्रभाव से जरूरी कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस सरकार में आवंटित हुई राशि से सब स्टेशन बनाया जाए।