रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पार्षद ने दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, भाजपा पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि 10 जुलाई को 'ललित टांडी ललित' नाम के फेसबुक अकाउंट से विधायक पुरंदर मिश्रा के संबंध में अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस पोस्ट के जरिए विधायक की प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पार्षद की शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।