रायपुर: राजधानी रायपुर में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर अक्सर सामने आने वाले विवादों के बीच नगर निगम ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में शहर के सभी 70 वार्डों में स्ट्रीट डॉग्स के लिए फीडिंग जोन निर्धारित किए गए हैं। अब पशु प्रेमी तय स्थानों पर ही आवारा कुत्तों को भोजन करा सकेंगे। निगम का कहना है कि इस व्यवस्था से स्थानीय रहवासियों और पशु प्रेमियों के बीच होने वाले विवाद कम होंगे, साथ ही स्ट्रीट डॉग्स के प्रबंधन और निगरानी को भी बेहतर बनाया जा सकेगा।
70 वार्डों में बनाए गए फीडिंग जोन
नगर निगम ने जोन-1 से जोन-10 तक सभी वार्डों में स्ट्रीट डॉग्स को भोजन कराने के लिए विशेष स्थान चिन्हित किए हैं। इन जगहों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं ताकि नागरिकों को निर्धारित स्थानों की जानकारी मिल सके। बाजार क्षेत्र, मैदान, तालाब परिसर, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम और खाली प्लॉट जैसी जगहों को फीडिंग जोन के रूप में विकसित किया गया है। निगम का मानना है कि इससे भोजन कराने की प्रक्रिया व्यवस्थित होगी और अनावश्यक विवादों से बचा जा सकेगा।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद लागू हुई व्यवस्था
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह कदम हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत उठाया गया है। शहर के विभिन्न इलाकों में आवारा कुत्तों को भोजन कराने को लेकर लगातार शिकायतें और विवाद सामने आ रहे थे। कई बार रहवासियों और पशु प्रेमियों के बीच तनाव की स्थिति भी बन जाती थी। ऐसे मामलों को देखते हुए निर्धारित फीडिंग जोन की व्यवस्था लागू की गई है ताकि सभी पक्षों के हितों का संतुलन बना रहे।
आवारा कुत्तों की शिकायतों पर जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी। किसी क्षेत्र से शिकायत मिलने पर संबंधित कुत्तों को पकड़कर एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत डी-वॉर्मिंग, एंटी रेबीज टीकाकरण और नसबंदी जैसी प्रक्रियाएं कराई जाएंगी, जिससे कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
निगम ने दी जानकारी लेने की सुविधा
नगर निगम का कहना है कि सभी 70 वार्डों में फीडिंग जोन की जानकारी सूचना बोर्डों और संबंधित जोन कार्यालयों में उपलब्ध कराई गई है। नागरिक अपने क्षेत्र के जोन कार्यालय से संपर्क कर निर्धारित फीडिंग जोन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। निगम का उद्देश्य शहर में पशु कल्याण और सार्वजनिक व्यवस्था के बीच संतुलन बनाए रखना है।