रायपुर। राजधानी रायपुर के आंबेडकर चौक पर रविवार को विभिन्न छात्र और युवा संगठनों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में युवाओं ने एकत्र होकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर रोक लगाने और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग उठाई।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। युवाओं ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। हाल के दिनों में सोनम वांगचुक भी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
सरकार के खिलाफ नारेबाजी
आंदोलन के दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और ठोस सुधार की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को प्रभावी और स्थायी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल न उठे।
पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन
प्रदर्शन को देखते हुए आंबेडकर चौक पर पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद छात्र-युवा संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की बात कही।