राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने सात दिन तक अस्पताल में इलाज कराने के बाद रविवार को दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मृतक की पहचान और घटना का विवरण
मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 12 जुलाई की शाम रामसागर पारा निवासी उसका स्कूल का दोस्त सोनू (18) शराब पार्टी का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया। दोनों सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित एक खाली मैदान पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप- पेट्रोल डालकर लगाई आग
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने शाकिब और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी बाइक भी जलकर पूरी तरह जल गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
पहले से था विवाद, बहन ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की बहन शहरबान ने बताया कि शाकिब और सोनू के बीच पहले किसी वाहन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों की बातचीत बंद हो गई थी। उनका आरोप है कि सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर शाकिब को बुलाया। परिवार को बाद में फोन कर बताया गया कि शाकिब जल गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक युवक मुकेश ने कहा था कि "मेरी गलती से वह जल गया।"
स्थानीय लोगों का दावा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों का दावा है कि शाकिब बाइक पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का समुचित निरीक्षण नहीं किया और मामले में कार्रवाई धीमी रही।
पुलिस का पक्ष
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रिश्तेदारों से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित युवकों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।