राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 लाख 21 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रावणभाठा मैदान स्थित भाठागांव बस स्टैंड के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
तलाशी में मिला 16 किलो से अधिक गांजा
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर महिला के पास से 16.434 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपिया ने अपना नाम पूजा देवी सोनकर बताया। आरोपी महिला ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने की तैयारी में थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने महिला आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
राजधानी में नशे के खिलाफ जारी है अभियान
रायपुर पुलिस लगातार अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।