राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र के बेंद्री स्थित 3D फैक्ट्री में मंगलवार देर रात भीषण ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
तीन मजदूरों की गई जान
हादसे में मजदूर लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक कमल सिंह और लाल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के निवासी थे, जबकि अरुण पांडे की पहचान छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा निवासी के रूप में हुई है।
ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह भीषण विस्फोट हुआ। हालांकि, ब्लास्ट के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं।
जांच जारी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। वहीं घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।