राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित सरोना की कंपोजिट विदेशी शराब दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान से करीब 7 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
सबूत मिटाने लॉकर और DVR भी ले गए
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। चोरी के बाद सबूत मिटाने की नीयत से चोर दुकान का लॉकर उखाड़कर अपने साथ ले गए। इसके अलावा दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी निकालकर फरार हो गए, ताकि पुलिस को कोई अहम सुराग न मिल सके।
पुलिस और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी वेस्ट, एसीपी पुरानी बस्ती और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।
आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
ड्यूटी में तैनात गार्ड भी लापता
घटना के समय दुकान में ड्यूटी पर तैनात गार्ड के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस गार्ड की भूमिका को भी संदेह के दायरे में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल आमानाका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।