राजधानी रायपुर के सरोना स्थित विदेशी शराब दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के रहने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी भी फरार है।
लॉकर उखाड़कर नकदी, शराब और डीवीआर किया पार
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने देर रात दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लॉकर उखाड़कर उसमें रखे 7 लाख 5 हजार 580 रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा करीब 10 हजार 820 रुपये मूल्य की शराब की बोतलें और दुकान का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि पहचान से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें।
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस ने रायपुर सहित अन्य राज्यों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में चिन्हित की गई। इसके बाद विशेष पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात से पहले की थी दुकान की रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य पहले रायपुर पहुंचा और सरोना स्थित शराब दुकान की रेकी कर वापस लौट गया था। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर चोरी की पूरी योजना बनाई और कार से रायपुर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
15.50 लाख का मशरूका, कार और मोबाइल जब्त
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 15.50 लाख रुपये का मशरूका, वारदात में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अन्य राज्यों या छत्तीसगढ़ में इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।