सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाकर नक्सलियों के चार बड़े डंप बरामद किए हैं। जंगल और पहाड़ी इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक, वायरलेस सेट, लैपटॉप और नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री जब्त की गई है। यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व माओवादियों से मिले इनपुट और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर की गई। पुलिस के मुताबिक नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इन सामग्रियों को अलग-अलग जगहों पर छिपा रखा था। सभी ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरे कर सुरक्षा बल सुरक्षित लौट आए।
कुकानार क्षेत्र से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
17 मई 2026 को उप पुलिस अधीक्षक रविकांत सहारे के नेतृत्व में जिला बल और विशेष आसूचना शाखा की संयुक्त टीम ने ग्राम गादम के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान 42 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 8 कंट्रीमेड हैंड ग्रेनेड, 4 हैंड ग्रेनेड, करीब 10 किलो जिलेटिन पाउडर से भरा स्टील कंटेनर, इलेक्ट्रिक वायर और कई खाली ड्रम बरामद किए गए।
तुमालपारा जंगल से हथियार और बीजीएल सेल जब्त
21 मई को थाना चिंतलनार क्षेत्र के कैंप तुमालपाड़ से 201 वाहिनी कोबरा और 226 वाहिनी CRPF की संयुक्त टीम ने ग्राम तुमालपारा के जंगलों में कार्रवाई की।सुरक्षा बलों ने यहां से 4 भरमार बंदूक, 1 ग्रेनेड, 3 बीजीएल सेल, 1 वायरलेस सेट, 6.6 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, सोलर बैटरी और मेडिकल किट सामग्री जब्त की।
नागाराम जंगल से AK-47 के राउंड मिले
23 मई को विशेष आसूचना शाखा और सुरक्षा बलों ने थाना चिंतलनार क्षेत्र के नागाराम जंगल में संयुक्त ऑपरेशन चलाया। यहां से AK-47 रायफल के 29 राउंड, डेटोनेटर, चार्जर, वर्दी का कपड़ा, सेलो टेप, फेसवॉश और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद हुई।
ईरापल्ली जंगल से लैपटॉप और वायरलेस सेट बरामद
24 मई को थाना चिंतागुफा क्षेत्र के कैंप मेटागुड़ेम से 201 वाहिनी कोबरा और 131 वाहिनी CRPF की संयुक्त टीम ने ग्राम ईरापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग की। इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक डेल लैपटॉप, मोटोरोला और आईकॉम वायरलेस सेट, यूएसबी कार्ड रीडर, फ्लैश लाइट, आयरन पाइप, 100 स्टील बॉल बेयरिंग, अनाउंसमेंट माइक, कॉपर वायर, सुतली बम, चार्जेबल बैटरी, टॉर्च, नक्सली झंडे और साहित्य बरामद किया।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग ऑपरेशन से नक्सलियों के नेटवर्क और लॉजिस्टिक सपोर्ट सिस्टम को बड़ा नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा बल इलाके में आगे भी सघन तलाशी अभियान जारी रखेंगे।