सूरजपुर- छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सूरजपुर जिले में गोबरी नदी पर बना रपटा पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय और नेशनल हाईवे-43 से संपर्क टूट गया। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
एक महीने पहले बना था पुल
लगातार बारिश के चलते गोबरी नदी का जलस्तर बढ़ने से नया बना रपटा पुल बह गया। ग्रामीणों के मुताबिक यह पुल करीब एक महीने पहले ही तैयार हुआ था। पुल टूटने से डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत कई गांवों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
बिजली गिरने से दो बच्चों की मौत
शनिवार को सरगुजा जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चे झुलस गए। इनमें दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो सगे भाइयों का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जलाशय का हिस्सा बहा, 125 लोग सुरक्षित निकाले गए
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा भी तेज बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने एहतियातन 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया है। वहीं बिलासपुर में लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर कई फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन, सक्रिय मानसून ट्रफ और अन्य मौसमी सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।