रायपुर। युवा कांग्रेस प्रदेश चुनाव को लेकर तारीखों की घोषणा कर दी गई है। घोषणा के साथ ही आज से पिछली कमेटी को निरस्त कर दिया गया है। चुनाव प्रक्रिया के तहत 29 मई से नामांकन शुरू होगा। ब्लॉक, असेंबली और जिला स्तर पर नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके लिए 5 जोन में ZRO नियुक्त किए जाएंगे।
11 से 13 जून तक होंगे नामांकन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 जून से 13 जून तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। वहीं 14 जून को नामांकन शुल्क जमा करने की सुविधा दी जाएगी। नामांकन को लेकर किसी भी प्रकार का लिखित विरोध केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
15 जून तक शिकायतों का होगा निराकरण
नामांकन पर दर्ज आपत्तियों और शिकायतों की जांच 15 जून तक पूरी की जाएगी। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
सदस्यता के लिए तय किए गए नए मापदंड
युवा कांग्रेस सदस्यता के लिए इस बार सख्त मापदंड तय किए गए हैं। 18 से 35 वर्ष तक के युवा सदस्य बन सकेंगे। सदस्य भारत का नागरिक होना चाहिए और किसी अन्य राजनीतिक दल का सदस्य नहीं होना चाहिए।
ऑनलाइन होगी सदस्यता और शिकायत प्रक्रिया
सदस्यता और शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी। फर्जी सदस्यता रोकने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य किया गया है। साथ ही लाइव फोटो और 8 सेकंड का वीडियो भी अपलोड करना होगा। वीडियो में सदस्यता की सहमति देना जरूरी रहेगा।
आयु सीमा और दस्तावेज अनिवार्य
28 मई 1999 से 28 मई 2005 के बीच जन्मे युवा ही सदस्य बन सकेंगे। आयु प्रमाण के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट या अन्य वैध आईडी प्रूफ अनिवार्य रहेगा।
जिला अध्यक्ष और प्रदेश पदों के लिए होगा इंटरव्यू
जिला अध्यक्ष, प्रदेश सचिव और प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया भी रखी गई है।