रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश महामंत्री पद की दावेदारी के लिए गुरुवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में इंटरव्यू प्रक्रिया आयोजित की गई। इंटरव्यू में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे।
चुनावी अधिकारियों ने लिया इंटरव्यू
प्रदेश महामंत्री पद के लिए आयोजित इंटरव्यू में चुनावी अधिकारी जसप्रीत सिंह, प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर राकेश नेगी और प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया ने दावेदारों का इंटरव्यू लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई।
सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे
इंटरव्यू प्रक्रिया में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं में संगठन चुनाव को लेकर उत्साह देखने को मिला। दावेदारों ने अपने-अपने अनुभव और संगठनात्मक कार्यों को अधिकारियों के सामने रखा।
बस्तर से पहुंचे 50 से अधिक कार्यकर्ता
बस्तर संभाग से भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक बस्तर क्षेत्र से 50 से अधिक कार्यकर्ता और दावेदार इंटरव्यू में शामिल होने रायपुर पहुंचे।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली में होगा इंटरव्यू
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदारों का इंटरव्यू दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही तारीख तय की जाएगी। संगठन चुनाव को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।