नई दिल्ली। गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए नारियल पानी सबसे हेल्दी ड्रिंक्स में गिना जाता है। लेकिन अगर इसे बिना सावधानी के पिया जाए तो यही सेहत के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। खासकर सड़क किनारे मिलने वाले नारियल पानी को पीते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
सीधे स्ट्रॉ से पीना पड़ सकता है भारी
विशेषज्ञों के मुताबिक सड़क किनारे इस्तेमाल होने वाली स्ट्रॉ या पाइप हमेशा साफ हो, यह जरूरी नहीं। गंदी स्ट्रॉ से बैक्टीरिया और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
ग्लास में निकालकर पीना ज्यादा सुरक्षित
नारियल पानी को सीधे पीने के बजाय साफ ग्लास में निकालकर पीना बेहतर माना जाता है। इससे उसके रंग, स्वाद और गुणवत्ता की जांच आसानी से हो जाती है।
ताजा नारियल पानी ही करें सेवन
कटे हुए नारियल को ज्यादा देर तक खुला छोड़ देने से उसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं। इसलिए हमेशा ताजा नारियल पानी तुरंत पीना चाहिए।
स्वाद और गंध बदल जाए तो तुरंत रोकें
अगर नारियल पानी से खट्टी या अजीब गंध आए या उसका स्वाद बदला हुआ लगे, तो उसका सेवन बिल्कुल न करें। यह खराब होने का संकेत हो सकता है।
रंग बदला दिखे तो हो जाएं सावधान
ताजा नारियल पानी सामान्यतः साफ और पारदर्शी होता है। अगर इसका रंग पीला या मटमैला लगे तो उसे पीने से बचना चाहिए।
फंगस या काले धब्बे दिखें तो न पिएं
अगर नारियल के अंदर फंगस, काले धब्बे या सड़न दिखाई दे तो उसका सेवन सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।