नई दिल्ली - अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर तेल विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद आम लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है।
'तुरंत कम करें पेट्रोल के दाम'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संदेश में कहा, "पेट्रोल बेचने वालों को तुरंत अपनी कीमतें कम करनी चाहिए। कीमतें बहुत ज़्यादा हैं, जबकि कच्चे तेल की कीमत लगभग 68 डॉलर प्रति बैरल है और लगातार नीचे जा रही है। विक्रेताओं को अमेरिकी जनता के हित में सही फैसला लेते हुए तुरंत दाम घटाने चाहिए।
मनमानी कीमतों को बताया गैर-कानूनी
ट्रंप ने आरोप लगाया कि पेट्रोल की कीमतें मनमाने तरीके से बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करना पूरी तरह गैर-कानूनी है और यदि कंपनियों ने जल्द कीमतें कम नहीं कीं तो उन्हें गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।
2.50 डॉलर प्रति गैलन तक कीमत लाने की सलाह
राष्ट्रपति ने सुझाव दिया कि पेट्रोल की कीमत को करीब 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और बढ़ती महंगाई का असर कम होगा।
कैलिफ़ोर्निया के टैक्स पर भी साधा निशाना
ट्रंप ने कैलिफ़ोर्निया सरकार की कर नीति की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल पर लगाए जा रहे भारी टैक्स लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रहे हैं। उनके अनुसार, यदि यही स्थिति रही तो जल्द ही पेट्रोल पर लगने वाला टैक्स, पेट्रोल की वास्तविक कीमत से भी अधिक हो सकता है।
जनता के हित में कार्रवाई की मांग
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नागरिकों को अनावश्यक रूप से महंगा ईंधन खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने तेल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों से अपील की कि वे जनता के हित को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द पेट्रोल की कीमतों में कमी करें।