ब्रिटिश पॉप स्टार एड शीरन ने गाजा में जारी मानवीय संकट और अपने अमेरिकी टूर से जुड़े मैकेलमोर विवाद पर पहली बार मंच से खुलकर बात की है। फिलाडेल्फिया के लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में शनिवार को हुए कॉन्सर्ट के दौरान शीरन ने कहा कि गाजा में जो कुछ हो रहा है, वह उनके लिए बेहद पीड़ादायक है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
शीरन ने अपने बयान में 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल में हुए हमले को भी भयावह बताया। इसके साथ ही उन्होंने गाजा में उसके बाद हुई तबाही को ‘कैटास्ट्रॉफिक’, ‘अनजस्टिफाएबल’ और ‘डिसप्रोपोर्शनट’ यानी विनाशकारी, अन्यायपूर्ण और असंगत बताया। उन्होंने कहा कि नागरिकों, खासकर बच्चों की जान जाने और बड़े पैमाने पर हुई तबाही ने उनका दिल तोड़ दिया है।
सिंगर ने वेस्ट बैंक की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां दिखाई दे रहा ‘सिस्टेमिक इनजस्टिस’ भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। शीरन ने यह बात ऐसे समय में कही है, जब उनके अमेरिकी दौरे को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार विवाद चल रहा है।
मैकेलमोर के बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब अमेरिकी रैपर मैकेलमोर ने न्यू जर्सी में एड शीरन के कॉन्सर्ट के दौरान फिलिस्तीन के समर्थन में बयान दिया। उन्होंने ‘फ्री फिलिस्तीन’ का नारा लगाते हुए गाजा और वेस्ट बैंक के लोगों के प्रति समर्थन जताया था। इसके बाद कुछ अमेरिकी वेन्यू मालिकों की आपत्तियों के बीच उन्हें शीरन के टूर की आगे की तारीखों से हटा दिया गया।
मैकेलमोर ने दावा किया था कि उन्हें टूर से हटाने के पीछे स्टेडियम मालिकों का दबाव था। वहीं शीरन ने बाद में स्पष्ट किया कि मैकेलमोर को हटाने का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि टूर प्रमोटर का फैसला था। शीरन ने यह भी कहा था कि उन्होंने प्रमोटर्स और अलग-अलग पक्षों से बातचीत कर विवाद का समाधान निकालने की कोशिश की थी।
मैकेलमोर के समर्थन में सपोर्ट एक्ट्स ने छोड़ा टूर
विवाद बढ़ने के बाद शीरन के टूर से जुड़े कई सपोर्ट एक्ट्स ने भी दूरी बना ली। फिनियस, लुकास ग्राहम, आरोन रो और आयरिश बैंड बीओगा ने मैकेलमोर के समर्थन में टूर से हटने की घोषणा की। इसके बाद फिलाडेल्फिया में शीरन का कार्यक्रम बिना ओपनिंग एक्ट के हुआ।
‘मेरे कॉन्सर्ट सभी के लिए सुरक्षित जगह हैं’
फिलाडेल्फिया में मंच से शीरन ने अपने कॉन्सर्ट को लेकर भी अपनी सोच स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनके शो हमेशा सभी लोगों के लिए सुरक्षित जगह रहे हैं और वह चाहते हैं कि अलग-अलग विचार रखने वाले लोग भी संगीत के जरिए एक साथ आ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने प्रशंसकों को निराश नहीं करना चाहते और अपने संगीत कार्यक्रमों को लोगों को जोड़ने वाली जगह के तौर पर देखते हैं।
शीरन ने हालिया घटनाक्रम को लेकर माफी भी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि इस पूरे विवाद के दौरान उन्हें मुश्किल फैसले लेने पड़े और उनसे गलतियां भी हुईं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का अफसोस है और वह इसके लिए माफी मांगते हैं।
वेन्यू पर कलाकारों के कंटेंट को लेकर जताई चिंता
एड शीरन ने कॉन्सर्ट के दौरान इस बात पर भी चिंता जाहिर की कि क्या किसी कलाकार के मंच पर बोलने वाले कंटेंट को पहले से तय या मंजूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों पर ऐसा होता है, लेकिन उनका मानना है कि स्वतंत्र समाज में कलाकारों के मंचीय कंटेंट को लेकर इस तरह की स्थिति चिंता पैदा करती है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच फिलाडेल्फिया कॉन्सर्ट स्थल के बाहर फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शन भी हुआ। वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग रहीं—कुछ लोगों ने संगीत को राजनीति से अलग रखने की बात कही, जबकि कुछ प्रदर्शनकारियों ने गाजा के मुद्दे पर शीरन से स्पष्ट रुख की मांग की।