फ्लोरिडा: अमेरिका के दक्षिणी फ्लोरिडा में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। हादसे में प्राइवेट जेट में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को की गई रेडियो कॉल की रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें 20 वर्षीय को-पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुएरास की आवाज सुनाई दे रही है। विमान के तेजी से नीचे गिरने के दौरान उन्होंने मदद की गुहार लगाई और कहा, “हम जमीन से टकराने वाले हैं।”
हादसे से पहले बिगड़ने लगे थे हालात
रविवार को लियरजेट 60 विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान पायलट ने विमान पर बर्फ जमने और तेज झटकों (टर्बुलेंस) की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। उस समय विमान के बाहर का तापमान करीब -47 डिग्री सेल्सियस बताया गया था।
को-पायलट ने शुरुआत में स्थिति को संभालने योग्य बताया, लेकिन कुछ ही देर में हालात तेजी से बिगड़ने लगे। विमान को तेज झटके लग रहे थे और उड़ान नियंत्रकों से ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति भी मांगी गई।
‘मेडे, मेडे!’ कहकर लगाई मदद की गुहार
एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भेजे गए संदेशों में स्थिति की गंभीरता साफ सुनाई देती है। को-पायलट ने बताया कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा है। रेडियो रिकॉर्डिंग के अनुसार, उन्होंने कहा, “मेडे, मेडे! हम 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहे हैं।”
इसके बाद विमान की स्थिति और बिगड़ गई। को-पायलट ने ओवरस्पीड की स्थिति में होने और 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिरने की जानकारी दी। इसी दौरान उन्होंने कहा, “हम जमीन से टकराने वाले हैं।”
‘हमारे पास अब समय नहीं बचा है’
हादसे से पहले विमान से संपर्क के दौरान आखिरी कुछ संदेश बेहद भयावह थे। रिपोर्टों के मुताबिक, कॉकपिट से सुनाई देने वाले अंतिम शब्द थे, “हमारे पास अब समय नहीं बचा है।” इसके कुछ ही क्षण बाद विमान ग्रीनएकर्स इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और जोरदार विस्फोट के साथ आग की लपटों में घिर गया।
फ्लाइट डेटा के अनुसार, विमान कुछ ही समय में हजारों फीट नीचे गिर गया था। शुरुआती जांच में विमान के हवा में ही टूटने की आशंका भी जताई गई है।
20 साल की उम्र में हासिल किया था पायलट का लाइसेंस
हादसे में जान गंवाने वाली को-पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुएरास महज 20 साल की थीं। उन्होंने हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही 17 साल की उम्र में पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था। खास बात यह है कि उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस मिलने से पहले ही विमान उड़ाने की अनुमति मिल गई थी।
उनकी मां के मुताबिक, नथालिया जनवरी में 21 साल की होने वाली थीं और पिछले करीब नौ महीनों से कमर्शियल पायलट के रूप में काम कर रही थीं। वह बचपन से ही विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रही थीं।
हादसे की जांच में जुटी NTSB और FAA
अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) हादसे की जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में खराब मौसम, विमान पर बर्फ जमने, तेज टर्बुलेंस और तकनीकी खराबी जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
NTSB के अधिकारियों के अनुसार, विमान के कुछ हिस्सों के हवा में ही टूटने के संकेत मिले हैं। अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मलबे और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर की जांच की जाएगी।