वॉशिंगटन। नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अमेरिका ने नेपाल को हर जरूरी मदद देने की पेशकश की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने नेपाल से संपर्क किया है और उसे जिस भी सहायता की जरूरत होगी, वह उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने इस घटना को बेहद भयानक आपदा बताया।
करीब 90 अमेरिकी नागरिक प्रभावित होने की आशंका
अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट के मुताबिक, नेपाल में आई बाढ़ से करीब 90 अमेरिकी नागरिक प्रभावित हो सकते हैं। राहत की बात यह है कि नेपाल में फंसे तीन अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। गुरुवार सुबह तक किसी अमेरिकी नागरिक की मौत की सूचना नहीं थी। अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि नेपाल और चीन में स्थित अमेरिकी दूतावास स्थानीय अधिकारियों और टूर ऑपरेटरों के संपर्क में हैं। प्रभावित इलाकों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा और उनके बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास जारी हैं।
अमेरिका ने दी 5 लाख डॉलर की आपातकालीन सहायता
अमेरिका ने राहत एवं बचाव प्रयासों के लिए 5 लाख डॉलर की आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई है। यह सहायता कैथोलिक रिलीफ सर्विसेज के जरिए वैश्विक सहायता योजना के तहत दी गई है। इस राशि का इस्तेमाल बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय, राहत सामग्री, स्वच्छ पानी, सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं में किया जाएगा। अमेरिका ने एक डिजास्टर रिस्पॉन्स एडवाइजर को भी क्षेत्र में तैनात किया है।
अमेरिकी सांसदों ने खोज अभियान तेज करने की मांग की
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति और सुहास सुब्रमण्यम ने भी नेपाल में लापता अमेरिकी नागरिकों की तलाश के लिए विदेश विभाग से हर उपलब्ध संसाधन इस्तेमाल करने की मांग की है। राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि नेपाल और तिब्बत में आई आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि लापता लोगों में अमेरिकी नागरिकों का शामिल होना बेहद चिंताजनक है और अमेरिका को उनके परिवारों को जानकारी दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। वहीं, सुहास सुब्रमण्यम ने बताया कि उत्तरी वर्जीनिया के उनके कई मतदाता भी इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। उनके मुताबिक, कुछ लापता लोग सामुदायिक नेता थे, जो आध्यात्मिक यात्रा के उद्देश्य से हिमालय क्षेत्र गए थे।
दूतावास के संपर्क में रहने की अपील
अमेरिकी विदेश विभाग ने नेपाल में मौजूद अपने नागरिकों से स्थानीय समाचारों पर नजर रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही अमेरिकी नागरिकों को स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम में पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है। नेपाल में बाढ़ के बाद बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान जारी है। अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि वह नेपाल सरकार के साथ समन्वय करते हुए प्रभावित अमेरिकी नागरिकों की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाएगा।