भारतीय रेलवे द्वारा लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से अयोध्या कैंट के बीच चलाई जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 5 मई से शुरू होगा। यह साप्ताहिक ट्रेन मध्यप्रदेश के प्रमुख स्टेशनों—इटारसी, जबलपुर और सतना—से होकर गुजरेगी। हालांकि इस ट्रेन का भोपाल स्टेशन पर ठहराव नहीं है, लेकिन इटारसी जंक्शन पर रुकने के कारण भोपाल के यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। भोपाल से इटारसी की नजदीकी के चलते यात्री आसानी से इस ट्रेन का लाभ उठा सकेंगे। इससे मुंबई (एलटीटी) और अयोध्या जैसे प्रमुख शहरों के बीच सीधी और किफायती कनेक्टिविटी मिलेगी।
धार्मिक यात्रियों के लिए आसान होगी यात्रा
इस ट्रेन के संचालन से यात्रा समय और कनेक्टिविटी में सुधार होगा। पहले भोपाल से अयोध्या या मुंबई जाने के लिए यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी या लंबे इंतजार का सामना करना पड़ता था। अब इटारसी से सीधी ट्रेन उपलब्ध होने से यात्रा सरल और समय की बचत होगी। खासकर धार्मिक यात्रियों के लिए अयोध्या तक पहुंचना अब अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।
अमृत भारत एक्सप्रेस को आम यात्रियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें 11 जनरल और 8 स्लीपर कोच शामिल हैं, जिससे कम किराए में लंबी दूरी की यात्रा संभव हो सकेगी। यह सुविधा विशेष रूप से मध्यम और निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए लाभदायक साबित होगी।
एलटीटी-अयोध्या कैंट के बीच समय-सारणी
एलटीटी से अयोध्या कैंट (22111)
हर मंगलवार सुबह 07:55 बजे प्रस्थान
इटारसी रात 20:00 बजे
जबलपुर 23:30 बजे
सतना 02:05 बजे
अगले दिन सुबह 10:15 बजे अयोध्या कैंट आगमन
अयोध्या कैंट से एलटीटी (22112)
हर बुधवार दोपहर 13:50 बजे प्रस्थान
सतना 20:45 बजे
जबलपुर 23:55 बजे
इटारसी सुबह 03:50 बजे
गुरुवार 15:45 बजे एलटीटी आगमन